महिला आयोग की अदालत में निपटाए मामले
11 मामलों की सुनवाई, चार निपटाए, तीन पुलिस को भेजे
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की ओर से वीरवार को दूसरे दिन भी मंडलीय आयुक्त कार्यालय धर्मशाला में जिला स्तर पर विशेष अदालत का आयोजन किया गया। आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, सदस्य सरोज शर्मा, रीना पुंडीर और रीना दरोच ने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद एवं घरेलू हिंसा से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई।
विद्या नेगी ने बताया कि कुल 11 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से चार मामलों को लंबित रखा गया। चार मामलों का निपटारा किया गया जबकि तीन मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस को भेजा गया है। इस अवसर पर हिमाचल महिला आयोग कार्यालय शिमला से सदस्य सचिव बुशरा अंसारी, लॉ ऑफिसर यशपाल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर, महिला थाना धर्मशाला से सब इंस्पेक्टर रजनी, हेड कांस्टेबल आशा और महिला आयोग के निजी सचिव दिलीप सिंह, राधिका सूद आदि मौजूद रहे।