नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। राजस्थान के भूमाफिया ने नगरोटा सूरियां निवासी नरेश कुमार पुत्र खुशीराम की राजस्थान में करोड़ों की जमीन के जाली दस्तावेज बनाकर बेच दी है। नरेश कुमार ने बताया कि उनकी जमीन तहसील गढ़साना जिला गंगानगर में है। यह जमीन एक काश्तकार को दी थी। लेकिन भूमाफिया ने चार-पांच लोगों के साथ मिलकर झूठे दस्तावेज बनाकर और जाली हस्ताक्षर करके करोड़ों की जमीन को 25 लाख रुपये में बेच दिया है। उन्होंने बताया कि इस बात का पता उन्हें तब चला जब राजस्थान में अपनी जमीन को देखने के लिए गए। इसकी लिखित शिकायत भू राजस्व अधिकारियों से की और अपना आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज दिखाए। यह सब देखकर वहां से भूमाफिया रफूचक्कर हो गया। इसके बाद नरेश कुमार ने इसकी शिकायत पुलिस थाना घड़साना में की। पुलिस ने भू माफियों के विरुद्ध मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।