न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को मुलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। सैंज घाटी की ग्राम पंचायत शांघड़ और सुचैहण के लिए बस सेवा आठ माह से बंद है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने मंगलवार को इस रूट पर दोबारा बस सेवा शुरू करने के लिए ट्रायल करवाएगा। यह बस ट्रायल असफल रहा।
सैंज से शांघड़ तक सड़क कई क्षेत्रों में बस संचालन योग्य नहीं पाई गई। इससे दो ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याएं कम होने के बजाए दोबारा बढ़ गई है। जून 2025 में जीवा नाला में बादल फटने से सड़क शांघड़ और रोपा के बीच क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन लोक निर्माण विभाग इसे दुरुस्त नहीं कर पाया है।
विभाग की लेटलतीफी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि, परिवहन निगम ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए बस संचालन का निर्णय लिया। सड़क दुरुस्त न रहने के कारण ग्रामीणों की पीठ का बोझा नहीं उतर पाया है। दो पंचायतों के ग्रामीणों का इंतजार फिर बढ़ा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने कहा कि आगामी एक सप्ताह में सड़क को बस संचालन के लिए दुरुस्त कर दिया जाएगा।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से सैंज-शांघड़ रूट पर बस का दोबारा संचालन के लिए ट्रायल करवाया गया है, लेकिन सड़क कुछ स्थानों पर बस संचालन के योग्य नहीं पाई गई है। सड़क दुरुस्त होने के बाद ही संचालन किया जाएगा। -भुवनेश्वर दत्त, बस अड्डा प्रभारी औट