बडू भरवाना में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा का स्वागत करते लोग फोटो जागरूक पाठक
पंचरुखी (कांगड़ा)। आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि पलम क्षेत्र के लिए निर्माणाधीन 32 करोड़ की पेयजल योजना से सरकार पंचरुखी क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना का पानी बंडू भरवाना क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
बंडू भरवाना में आयोजित आयुष मेले में बतौर मुख्यातिथि गोमा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए पालमपुर क्षेत्र की योजनाओं पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब क्षेत्र को अपनी पेयजल योजना मिलने जा रही है।
इसके अलावा पंचरुखी में अस्पताल भवन को जुलाई तक तैयार करने की बात भी मंत्री ने कही। इस कार्य के लिए हाल ही में उन्होंने दो करोड़ रुपये मंजूर करवाए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय सड़क के चौड़ीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये नाबार्ड से स्वीकृत हुए हैं। जल्द इस पर भी कार्य शुरू होगा। पंचरुखी में तहसील बनने से स्थानीय लोगों को सुविधा प्राप्त हुई है।
आयुष मेले का आगाज मंत्री ने धनवंतरी के पूजन और स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम के साथ किया। आयुष विभाग की ओर से मंत्री को इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आयुष पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी पारंपरिक पद्धतियां न केवल रोगों के उपचार में सहायक हैं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित करती हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि आयुष विभाग की योजनाएं और स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचें, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। इस दौरान गोमा ने लोगों को औषधीय पौधे वितरित किए। इस मौके पर जिला आयुर्वेद अधिकारी एसडीएमओ डॉ. तनुजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
100 लोगों ने करवाई स्वास्थ्य की जांच
आयुष मेले में करीब 100 लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श का लाभ उठाया और उन्हें निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।