नागनी में मोके पर दुर्घटना ग्रस्त हुआ मोटरसाइकिल
नागनी में शनिवार देर रात हादसा, लोगों ने फोरलेन निर्माण कंपनी पर लगाए लापरवाही के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
जसूर (कांगड़ा)। नागनी में शनिवार रात को एक बुलेट सवार की निर्माणाधीन पुलिया से टक्कर होने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार रात लगभग 11 से 12 बजे के आसपास भड़वार निवासी कुलदीप (30) पुत्र मदनलाल जो भडवार चौक पर बार्बर का काम करता था। नूरपुर से भडवार की तरफ जा रहा था, लेकिन नागनी चौक के समीप अंधेरे में निर्माणाधीन फोरलेन की पुलिया से जा टकराया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार दूसरी तरफ से सड़क वाहनों के लिए खुली थी। मगर जिस तरफ पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है, वह रास्ता भी खुला है। जहां न तो रास्ते को बंद किया गया था और न ही किसी प्रकार का साइन बोर्ड लगाया गया था, जिसके चलते युवक अंधेरे में निर्माणाधीन पुलिया से जा टकराया और मौके पर ही मौत हो गई । लोगों ने कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। कहा कि निर्माणाधीन फोरलेन कंपनी की लापरवाही के चलते इससे पूर्व भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं ।
उन्होंने प्रशासन से मांग उठाई है कि कंपनी के खिलाफ उचित संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ न हो। उधर, नूरपुर पुलिस थाना एसएचओ सुरेंद्र धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस हरेक पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फोरलेन निर्माण कंपनी की ओर से निर्माण कार्य में तय मानक नियमों के पालन न करने से दो वर्षों में 40 से ज्यादा फोरलेन निर्माण सड़क पर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें 10 से ज्यादा लोग जान गंवा बैठे हैं, लेकिन किसी भी दुर्घटना में फोरलेन निर्माण कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस संदर्भ में प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर कार्रवाई की भी मांग रखी है। अगर सरकार ने जल्द कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की तो संस्था लोगों के सहयोग से कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी और धरना प्रदर्शन भी करेगी।
-अकिल बक्शी, प्रधान रणजीत बक्शी जनकल्याण सभा
-