रक्कड़ (कांगड़ा)। देहरा के पुलिस थाना रक्कड़ के तहत आती पंचायत नाहन नगरोटा के गांव सकराला में बाथरूम से निकलने वाले गंदे पानी को लेकर दो परिवारों के बीच झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक परिवार के सदस्यों ने दूसरे परिवार पर ईंट और पत्थरों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। परिवार के तीनों सदस्यों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, इस संदर्भ में पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हमले में आरोपी युवक ने 49 वर्षीय देवराज, उसकी पत्नी रीना देवी और 12 वर्षीय बेटी तृषिका को बुरी तरह से घायल किया है। तीनों ही घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल गरली पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर देवराज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि देवराज सब्जी की दुकान करता है। दोनों परिवारों के बीच हुए इस झगड़े की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना रक्कड़ को दी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। देवराज के सिर, आंखों और शरीर के अन्य हिस्सों पर इतने गहरे जख्म पड़े हैं कि इसकी हालत खतरे में बताई जा रही है, जबकि देवराज की पत्नी रीना के सिर, गर्दन और हाथ में गहरे जख्म आए हैं। वहीं, 12 वर्षीय बेटी भी को चोटें आई हैं। पुलिस थाना प्रभारी रक्कड़ के गुरदेव सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर दिया है छानबीन जारी है।