कलर में शिविर के दौरान बुजुर्गों के साथ आयुष विभाग की टीम। संवाद
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ के आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र कलर (रजेहड़) में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम चंद्र राणा के दिशा-निर्देश के अनुसार हुआ। सुबह 11 बजे से ही बुजुर्ग इस शिविर में जुटना शुरू हो गए और दोपहर दो बजे तक डॉक्टरों ने 45 बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन के टेस्ट किए गए। इसमें पाया गया कि 12 लोगों में उच्च रक्तचाप की समस्या थी। उन्हें दवाइयां बांटी गईं और सेहत को लेकर व बीपी नियंत्रण में रखने को लेकर सलाह दी गई। वहीं, इस दौरान पांच लोगों में मधुमेह की बीमारी के लक्षण पाए गए।
उन्हें निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. इंदु शर्मा, डॉ. प्रियंका और डॉ. कंचन ने लोगों की जांच की और सेहत के बारे में उपयोगी सलाह दी। वहीं, एपीओ अजय चौधरी ने इस शिविर में अपना सहयोग दिया। इसके अलावा योग गाइड अंकिता कपूर ने बुजुर्गों को योग आसन सिखाए और सेहत के प्रति जागरूक किया।