धर्मशाला से मैक्लोडगंज बाईपास रोड पर चल रहा मरम्मत कार्य। अमर उजाला
विस सत्र से पहले बहाल होंगे मैक्लोडगंज को जोड़ने वाले दोनों मार्ग
एनएचएआई ने बस अड्डा बाईपास पर शुरू किया क्रेट वर्क
लोक निर्माण विभाग ने खड़ा डंडा मार्ग पर शुरू किया काम
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। धर्मशाला से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाले दोनों मुख्य मार्ग जल्द फिर से यातायात के लिए बहाल हो जाएंगे। विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले इन सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार काम में जुटी हुई हैं।
दरअसल 25 नवंबर से पांच दिसंबर तक तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र प्रस्तावित है। वहीं, 14 दिसंबर को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाना है। सत्र और मैच दोनों ही आयोजनों के चलते शहर में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते सड़कों की मरम्मत प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता बन गई है। इस बार बरसात के मौसम में धर्मशाला से मैक्लोडगंज बस अड्डा बाईपास, कोतवाली बाजार से खड़ा डंडा मार्ग और कालीमाता मंदिर के पास तीन स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। फिलहाल, कोतवाली बाजार से कालीमाता मंदिर मार्ग पर केवल छोटे वाहन ही चल रहे हैं, जबकि बाईपास और खड़ा डंडा सड़क पूरी तरह बंद हैैं। इससे रोजाना कोतवाली बाजार में जाम की स्थिति बन रही है। विधानसभा सत्र के दौरान अध्यक्ष, मंत्रियों और विधायकों के ठहराव की व्यवस्था मैक्लोडगंज, सतोवरी और नड्डी के आसपास के होटलों में की जाती है। होटल कारोबारियों ने पहले ही प्रशासन से सड़कों को शीघ्र बहाल करने की मांग की थी। एनएच के अधीक्षण अभियंता मनीष सहगल ने कहा कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज बाईपास पर क्रेट वर्क का कार्य चल रहा है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। उधर, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद ने कहा कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज वाया खड़ा डंडा मार्ग पर डंगा लगाने का काम शुरू कर दिया है। जल्द इस मार्ग को भी यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा। कालीमाता मंदिर के समीप भी क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा।