कोटला (कांगड़ा)। पुलिस थाना कोटला के तहत कुठेहड़ में 36 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र केवल किशोर निवासी कुठेहड़ के रूप में हुई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम थाना कोटला को घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मुकेश कुमार का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मुकेश पंजाब में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और दिवाली के चलते घर आए हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और सात व तीन साल के दो बच्चे हैं। परिवार में कहासुनी की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस इस पहलू सहित अन्य सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि कुठेहड़ पंचायत में मुकेश कुमार की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। संवाद