नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। खंड चिकित्सा अधिकारी नगरोटा बगवां डॉ. रूबी भारद्वाज ने वीरवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ोह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल में तैनात स्टाफ को समय पर ड्यूटी आने, सबकी हाजिरी बायोमीट्रिक से सुनिश्चित करने, वर्दी पहनने, परिचय पत्र लगाने, स्वास्थ्य केंद्र में सफाई को सुनिश्चित करने, आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाने और मरीजों की सुविधाओं के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध दवाइयों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए, ताकि यहां आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
अस्पताल के नए बन रहे भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग से इसके निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया जाएगा, ताकि लोगों को अति शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने वाले इस अस्पताल में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार की ओर से संचालित तमाम स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। संवाद