परागपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी प्रबंधन केंद्र गरली में 22वें पत्रोपाधि पाठ्यचर्या के समापन समारोह ने प्रदेश के सहकारी ढांचे को सशक्त करने का एक नया संकल्प प्रस्तुत किया। इस दौरान चेयरमैन बिक्रम शर्मा डिक्की ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम के आरंभ में प्रबंधन केंद्र के प्रधानाचार्य बलविंदर सिंह ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। मुख्यातिथि बिक्रम शर्मा डिक्की ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सहकार बंधुओं और सचिवों से आग्रह किया कि वे अपनी-अपनी सहकारी सभाओं में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करें। उन्होंने सचिवों को अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में हिमकोफेड के सचिव गौरव जरियाल, गरली केंद्र के प्रधानाचार्य बलविंदर कुमार, सहायक पंजीयक सभाएं देहरा सुनीता देवी और जिला अंकेक्षण अधिकारी विजय कुमार मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त परागपुर ब्लॉक के सहकारी निरीक्षक यशवीर सिंह, केसीसी बैंक के पूर्व निदेशक लेखराज और युकां प्रदेश महासचिव मनोज शर्मा सहित विभिन्न सहकारी सभाओं के सचिव उपस्थित रहे।