योल/सिद्धपुर (कांगड़ा)। जिला मुख्यालय के समीप सिद्धबाड़ी में रविवार देर रात दो बाइकों की भीषण टक्कर में घायल दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय नलिन थापा पुत्र राकेश थापा (निवासी पठानकोट) और रोहित कुमार (निवासी कोटला) के रूप में हुई है। रोहित दाड़ी में किराये के मकान में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नलिन योल की तरफ से आ रहा था और जैसे ही वह रक्कड़ मार्ग के लिए मुड़ा, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही रोहित की बाइक उससे टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे।
सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण दोनों खून से लथपथ थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने एक ही वाहन से डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया। चिकित्सकों ने नलिन को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नलिन के पिता पूर्व सैनिक हैं और उन्होंने दो दिन पहले ही बेटे को बाइक खरीदकर दी थी।
नलिन अपने एक दोस्त के साथ रक्कड़ में रिश्तेदार के घर घूमने आया हुआ था। सोमवार दोपहर को पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच जारी है।