पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत लोधवां में सड़क पर पड़े गड्ढे में बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से युवक की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार गगनदीप उर्फ बबलू पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी मुकेरियां अपने एक अन्य साथी के साथ कंडवाल से लोधवां की तरफ बाइक नंबर (पीबी07एके-4337) पर सवार होकर जा रहा था। जैसे ही लोधवां के करीब पहुंचा रफ्तार तेज होने के कारण बाइक सड़क पर पड़े गड्ढे में एकाएक अनियंत्रित हो गई।
हादसे में बाइक सवार गगनदीप सिंह सड़क किनारे एक पुली से टकराकर लोधवां से कंडवाल की तरफ आ रहे ट्रक के पिछले टायर के पास जाकर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका अन्य साथी मौके से गायब था। कंडवाल पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का दौरा किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया।
वहीं हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी महिंद्र सिंह मन्हास ने बताया कि पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया और चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।