रैत (कांगड़ा)। मिनी सचिवालय शाहपुर में वीरवार को बागवानी विभाग की ओर से मधुमक्खी पालकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने की।
शिविर में स्मॉल हाइव बीटल के प्रकोप का मामला उठा। इस पर विधायक ने शाहपुर के एसडीएम को संबंधित पंचायतों के पटवारियों के माध्यम से नुकसान का आकलन करवाकर जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश सरकार से प्रभावित मधुमक्खी पालकों को सहायता दिलाई जा सके।
शिविर में स्मॉल हाइव बीटल से मधुमक्खियों को होने वाले नुकसान और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी भी गई। विधायक ने साथ ही शाहपुर क्षेत्र के 29 पंजीकृत मधुमक्खी पालकों की सोसायटी गठित करने का सुझाव दिया और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान मधुमक्खी पालकों ने अन्य राज्यों की तर्ज पर हिमाचल में भी शहद का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित करने और मुख्यमंत्री मधु विकास योजना के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की मांग सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। विभाग ने मधुमक्खी पालकों को स्मॉल हाइव बीटल के आक्रमण और प्रबंधन संबंधी प्रचार सामग्री भी वितरित की।
शाहपुर में 40 प्रतिशत नुकसान का आकलन
शिविर में बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलशील नेगी ने बताया कि कांगड़ा जिले में स्मॉल हाइव बीटल के कारण मधुमक्खी पालकों को करीब 32 प्रतिशत, जबकि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 40 प्रतिशत नुकसान का आकलन किया गया है। डॉ. सुरेंद्र और डॉ. निशा ने मधुमक्खियों को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। विभाग के उपनिदेशक अलक्ष पठानिया ने निर्देशों और सुझावों की अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
पीएम आवास योजना के नौ लाभार्थियों को बांटे 70-70 हजार के चेक
रैत (कांगड़ा)। मिनी सचिवालय शाहपुर के सभागार में वीरवार को विधायक केवल सिंह पठानिया ने नगर पंचायत शाहपुर के नौ पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए पहली किस्त के चेक वितरित किए। प्रत्येक लाभार्थी को 70 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई। इस तरह कुल 6.30 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई। विधायक ने बताया कि नगर पंचायत शाहपुर में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 99 पात्र लाभार्थियों को करीब 1.60 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मकान निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल ने नगर पंचायत की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी।