बैजनाथ (कांगड़ा)। बीड़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 547 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने पैराग्लाइडिंग की लैंडिंग साइट के पास रविवार देर रात एक व्यक्ति से 93 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी अर्जुन सिंह निवासी गांव म्योट, बरोट, जिला मंडी पैदल ही बीड़ की तरफ से नीचे चौगान की तरफ को आ रहा था। अपने सामने पुलिस को आता हुआ देख एकदम से रुक गया और एक लिफाफा को निकाल कर सड़क के पार झाड़ियों में फेंक दिया। इस लिफाफे से पुलिस ने चरस बरामद की।
वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने राजगुंधा रोड पर दो व्यक्तियों से 454 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर दो युवकों के बैग की तलाश ली और चरस बरामद की। मामले में पुलिस ने गिरीश ठाकुर निवासी गांव कोठी कोहड़ मुल्थान और सूर्या निवासी गांव नलहोता बड़ा ग्रां मुल्थान को हिरासत में लिया है। डीएसपी अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।