खैरा (कांगड़ा)। अपर खैरा के बास्केटबाल और वॉलीबाल मैदान का पांच-पांच लाख रुपये से जीर्णोद्धार किया जाएगा। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने मैदान के जीर्णोद्धार के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। वह मंगलवार को खैरा के 253वें सती मां सुन्यारी मेले के समापन पर आयोजित दंगल में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि मेले और उत्सव हमारी परंपराओं व सांस्कृतिक मूल्यों के प्रतीक हैं। ये आयोजन समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। लोगों से आह्वान किया कि वे इस सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के लिए आगे आएं और सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मंत्री ने मेला समिति को 31 हजार, बच्चों के कार्यक्रम और युवक मंडल को 11-11 हजार रुपये देने का एलान किया। मेले के मुख्य आकर्षण दंगल में हिमाचल सहित पड़ोसी राज्यों के नामी पहलवानों रहे। दंगल में शेरा, रिंकू, लब्बू, विकास, मिंदा, रविंद्र, कृष्ण, शकील, लक्की, कालू, विशाल और दलजीत सहित महिला पहलवानों ने भी दमखम दिखाया। दंगल के विजेता और उपविजेता पहलवानों को मंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व सीपीएस जगजीवन पाल, मेला समिति अध्यक्ष एवं प्रधान खैरा पंचायत राजीव धीमान, उपप्रधान रमेश मेहता, जिला आयुष अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज, सेवानिवृत्त वरिष्ठ मंडलीय प्रबंधक सीएस चौहान, पंचायत प्रधान सिम्मी रानी, विनोद कुमार, इंस्पेक्टर सुशील राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।