बरोट-घटासनी सड़क पर गुराला में बहाली कार्य में जुटी पोकलेन मशीन। -स्रोत : जागरूक पाठक
मुल्थान (कांगड़ा)। छोटा भंगाल और बरोट क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी को जोड़ने वाला मुख्य बरोट-घटासनी मार्ग पिछले 30 दिन से ठप पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अभी तक झटींगरी तक सड़क बहाल नहीं कर पाया है। इससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बरोट पंचायत के प्रधान डॉ. रमेश, चमेल सिंह, शेर सिंह, राम सिंह, कृष्ण, मंगत राम, प्रेम चंद, मान सिंह और अशोक कुमार ने बताया कि सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों को रोजाना 10 किलोमीटर पैदल सफर कर स्कूल जाना पड़ रहा है। आम लोगों को भी रोजमर्रा के कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
सड़क बंद होने से बरोट-मुल्थान तहसील में पिछले एक महीने से गैस की सप्लाई तक बाधित है। हालांकि छोटा भंगाल-मुल्थान तहसील की मुल्थान-बड़ा गांव और राजगुंधा-बीड़ सड़क को छोटी गाड़ियों के लिए बहाल कर दिया गया है, लेकिन मुख्य सड़क बंद होने से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है।
लोक निर्माण विभाग झटींगरी के एसडीओ भगत राम ने बताया कि सड़क मार्ग खोलने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। अभी गुराला में मशीनरी लगी हुई है। जल्द सड़क को आवाजाही के लिए बहाल कर दिया जाएगा। संवाद