नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। ''जीएस बाली ने अपने कार्यकाल के दौरान युवाओं को रोजगार दिलाने की लड़ाई निरंतर लड़ी। उन्हीं से प्रेरणा लेकर मैंने युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य लिया है। इसे पूरा करने के लिए नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में रोजगार शिविर लगाए जा रहे हैं। इसमें प्रदेशभर के बच्चे चयनित हो रहे हैं।''
यह बात प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बड़ोह में हीरो मोटाकॉर्प कंपनी की ओर से 24 अप्रैल को रोजगार मेले में चयनित युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान कही। इस मेले में 31 युवाओं का चयन किया गया था जिन्हें ले जाने के लिए सोमवार को कंपनी ने बस भेजी थी। आरएस बाली ने युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार, रोजगार मुहिम के को-ऑर्डिनेटर अमित सूद, कंपनी के एचआर अधिकारी मनोज मेहता और खंड रोजगार अधिकारी रमनदीप के कार्य की प्रशंसा की।