गलरी/परागपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र की अपर परागपुर पंचायत के गांव बजनाथ का रास्ता खस्ताहाल हो चुका है। यह रास्ता तालाबा में तबदील हो चुका है। रास्ते की मरम्मत तीन बार हो चुकी है। दो बार हार पंचायत और एक बार अपर परागपुर पंचायत की ओर से पैसा लगाया गया है। लोगों का कहना है साथ लगती पंचायत अपर परागपुर के गांव डडारी का पानी पहले तालाब में जाकर गिरता था, पर अब तालाब सूखा पड़ा है। अब पानी बजनाथ गांव की तरफ आता है। पानी की निकासी न होने के कारण पानी निचले गांव बजनाथ में आता है और बरसात में पूरी तरह कहर मचाता है। अगर कोई बीमार हो जाए और उसे अस्पताल ले जाना हो तो एंबुलेंस भी यहां से नहीं गुजर सकती है। स्थानीय निवासियों राकेश कुमार, महेंद्र, सुरेश कुमार आदि ने कहा कि जितना रास्ता चाहिए, हम देने के लिए तैयार हैं लेकिन पंचायत इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है।
पंचायत के पास इतना पैसा नहीं है कि वह इस रास्ते की मरम्मत करवा सके। रास्ते में काफी पैसे की आवश्यकता है। इसमें सरकार मदद कर सकती है या फिर विधायक निधि से पैसा मिल जाए तो इस रास्ते का काम हो सकता है।
-मीना कुमारी, प्रधान, अपर परागपुर