डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा से टांडापत्तन, पराल और बड़ूखर को जोड़ने वाला मार्ग ग्राम पंचायत मंड सनौर के वार्ड नंबर-चार के पास क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण राहगीरों और विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार पिछली बरसात में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से संपर्क मार्ग टूट गया था। इसके बाद विभाग ने पुलिया पर रेत, बजरी और मिट्टी डालकर रास्ता अस्थायी रूप से बहाल किया था लेकिन हालिया बारिश में यह सामग्री बह गई और सड़क पर गहरा कटाव हो गया।
मंड सनौर के पूर्व उपप्रधान जसविंदर चंदेल गुरदयाल, बंटी, सुरेश और विपिन ने बताया कि मार्ग की खराब स्थिति से लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। संवाद