धर्मशाला। कांगड़ा-चंबा के लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने लोकसभा में केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव से राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के स्तर पर विकसित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज पहाड़ी राज्यों में राष्ट्रीय महत्व के संस्थान खोलने की योजना के तहत शामिल किया जाना चाहिए।
सांसद ने बताया कि हिमाचल की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने इस संबंध में विस्तृत परियोजना पहले ही आयुष मंत्रालय को भेजी है और इसकी स्वीकृति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज को पहले ही केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा विशेष संस्थान का दर्जा दिया जा चुका है और पांच करोड़ रुपये की विशेष निधि प्रदान की गई है।
राजीव भारद्वाज ने यह भी कहा कि कॉलेज प्राकृतिक वनस्पतियों और हर्बल जड़ी-बूटियों से समृद्ध है। नेशनल इंस्टीट्यूट का दर्जा मिलने पर केंद्रीय सहायता राशि बढ़ेगी, जिससे आयुर्वेद में अनुसंधान और कार्यकुशलता को और प्रोत्साहन मिलेगा।