रैहन/नंगल। नंगल-श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर सोमवार रात को निजी वोल्वो बस और कार में हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जवाली उपमंडल की पंचायत पलोहड़ा के गांव मावा की सुमन कुमारी (44) और उसके भतीजे वरुण (17) के रूप में हुई है। इससे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मावा की सुमन कुमारी (44) अपने पति राजेश कुमार, भतीजे वरुण (वासु), बेटे के ससुर रघुबीर सिंह और सास रंजू बाला के साथ बहू को छोड़ने दिल्ली गई थी।
दिल्ली से वापस आते समय नंगल के समीप उनकी गाड़ी की टक्कर मैक्लोडगंज से दिल्ली जा रही वोल्वो बस के साथ हो गई। इस दौरान सुमन कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, भतीजे वरुण (17) की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। वरुण आईटीआई जवाली में पढ़ता था । इस दुर्घटना में मृतका का पति, गाड़ी चालक और उनके बेटे के सास-ससुर निवासी पंचायत बरुणा तहसील फतेहपुर गंभीर घायल हो गए। घायलों का चंडीगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया है।
पलोहड़ा पंचायत के उप प्रधान डॉ. राजिंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है। मृतकों का अंतिम संस्कार बुधवार को पैतृक श्मशानघाट में होगा।