भावंला (मंडी)। सरकाघाट-घुमारवीं के बीच वीरवार शाम को पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सतर्कता से कोटा स्टोन से भरी एक गाड़ी को पकड़ लिया गया। यह स्टोन वर्ष 2023 में पंचायत घर से चोरी हुई थी।
सूचना के अनुसार शाम लगभग 5 बजे पता चला कि चोरी का कोटा स्टोन एक वाहन में लाद कर पौंटा ले जाया जा रहा है। ग्रामीणों की मदद से वाहन को घेर लिया गया। चालक ने बताया कि स्टोन पंचायत प्रधान के घर से लोड किया गया था।इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस थाना हटली की टीम मौके पर पहुंची, यातायात बहाल कराया और वाहन व कोटा स्टोन को कब्जे में लिया। भांबला पंचायत के उपप्रधान रमेश ठाकुर, वार्ड सदस्यों और पूर्व प्रधानों ने मुख्यमंत्री, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उपमंडलाधिकारी सरकाघाट से उचित जांच की मांग की। पंचायत निरीक्षक सरकाघाट शालिनी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस थाना हटली की टीम ने कोटा स्टोन को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच पंचायत निरीक्षक सरकाघाट की ओर से करवाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। -संजीव गौतम, डीएसपी सरकाघाट