सलियाना में विजेताओं को सम्मानित करते मंत्री यादविंद्र गोमा। -स्रोत : जागरुक पाठक
पंचरुखी (कांगड़ा)। सलियाना में पशुपालन विभाग द्वारा प्रोजेनी टेस्टिंग जर्सी प्रोजेक्ट के तहत कॉफ रैली आयोजित की गई। इस रैली में दो श्रेणियों में कुल 50 बछड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 0 से 6 महीने और 6 से 12 महीने की बछड़ियां शामिल थीं।
0 से 6 महीने की श्रेणी में अतिन शर्मा की जर्सी बछड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मीना देवी की बछड़ी द्वितीय और सुरेश कुमार की बछड़ी तृतीय स्थान पर रहीं। 6 से 12 महीने की श्रेणी में विद्या देवी की जर्सी बछड़ी को प्रथम पुरस्कार मिला। उषा देवी की बछड़ी द्वितीय और आकाश की बछड़ी तृतीय स्थान पर रहीं।
इस कार्यक्रम में आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए नए और वैज्ञानिक तरीके खोज रही है, ताकि युवा भी इस व्यवसाय से जुड़ सकें। इस दौरान उन्होंने रैली के सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न, नकद पुरस्कार, 50 किलो फीड, कैल्शियम और प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा, सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कार और पशु उत्पाद भेंट किए गए। इस मौके पर डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. इंद्रजीत सोनी और डॉ. अंशुल सूद आदि मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में गोदरेज जैसी कंपनियों ने भी अपना सहयोग दिया।