आशीष बुटेल लोगों से मिलते हुए। संवाद
पालमपुर (कांगड़ा)। मुख्य संसदीय सचिव शहरी विकास एवं शिक्षा आशीष बुटेल ने शुक्रवार को पंचायत बंड़ बिहार में भारी वर्षा से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित लोगों से मिले। आशीष ने कहा कि भारी वर्षा के कारण कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का तालाब टूटने से अचानक आए पानी से लोगों की जमीन और घरों को नुकसान हुआ है। सीपीएस ने कहा कि प्रशासन को प्रभावित लोगों को जल्द राहत उपलब्ध करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और वह स्वयं प्रभावित लोगों के साथ हैं और लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बरसात में हुए नुकसान का आंकलन तैयार कर सरकार को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक वर्षा के कारण पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली के ट्रांसफार्मर और तारों को भी नुकसान हुआ है। इन्हें भी जल्द बहाल करने के दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि लोगों को असुविधा सामना नहीं करना पड़े।