धर्मशाला। आशा कार्यकर्ता यूनियन जिला कांगड़ा की बैठक भारतीय मजदूर संघ प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा की अध्यक्षता में धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में आशा कार्यकर्ता की समस्याओं पर चर्चा करने उपरांत जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा गया। इसके उपरांत धर्मशाला में मीडिया से बातचीत में आशा कार्यकर्ता यूनियन की जिलाध्यक्ष सरला राणा व सचिव विंपी देवी ने कहा कि आशा वर्कर्स से सुबह से लेकर शाम तक काम लिया जाता है, रविवार तक की छुट्टी नहीं दी जाती लेकिन इन्हें चार माह से वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने चेताया कि सरकार को चार माह के लंबित वेतन का भुगतान एक साथ करना होगा अन्यथा आशा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। सितंबर के अंत तक सरकार ने आशा कार्यकर्ता को लंबित चार माह के वेतन का भुगतान नहीं किया तो अक्तूबर के पहले सप्ताह से आशा वर्कर्स काम करना छोड़ देंगी, जिसकी पूरी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी। संवाद