नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित है। नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थी परिवारों को पीएम आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित करने के बाद हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली ने यह बात कही। बाली ने विकास खंड नगरोटा बगवां के अंतर्गत 560 पात्र परिवारों को पीएम आवास योजना
के स्वीकृति पत्र भेंट किए। उन्होंने कहा कि अपने परिवार के लिए घर बनाना हर व्यक्ति के जीवन का सपना होता है। आर्थिक और सामाजिक तौर से कमजोर तबके के लोगों का अपना आशियाना बने इसके लिए सरकार भी प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तकनीकी खामियों के कारण जिन परिवारों को यह लाभ नहीं मिला है, उनसे संबंधित औपचारिकताओं को भी जल्द निपटाया जाए, ताकि वे भी लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम में बीडीओ बशीर खान, बीडीसी अध्यक्ष अंजना, प्रताप रियाड़, रवि कुमार और अन्य लोग उपस्थित रहे।