धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की परीक्षाओं के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। अब परीक्षार्थी एक हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ 20 सितंबर तक ऑनलाइन प्रवेश पत्र भर सकते हैं।
सितंबर 2025 में बोर्ड आठवीं, दसवीं, जमा दो तथा दसवीं व जमा दो की विशेष अंक सुधार परीक्षाएं आयोजित करेगा। इसमें नया प्रवेश (प्रत्यक्ष प्रवेश और प्रत्यक्ष प्रवेश विज्ञान), नया प्रवेश (टीओसी व पुनः प्रवेश), अतिरिक्त विषय, विशेष अंक सुधार परीक्षा, सुधार परीक्षा (एक वर्ष के भीतर) और री-अपीयर श्रेणी के परीक्षार्थी आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन आवेदन से पहले परीक्षार्थी अध्ययन केंद्र की लॉगिन आईडी पर जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बढ़ाई गई तिथि के बाद कोई भी प्रवेश पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।