एपीएल ग्राहकों के आटे में पिछले चार महीनों से हो रही कटौती
उड़द की दाल 94 रुपये, चना 66 रुपये और मसूर 72 रुपये किलो मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। प्रदेश की उचित मूल्य की दुकानों में जून माह में भी प्रदेश के लाखों एपीएल उपभोक्ताओं को 12 किलो आटा ही मिलेगा। केंद्र की ओर से एपीएल उपभोक्ताओं के आटे में चार महीने से लगातार कटौती की जा रही है। फरवरी महीने में 11 किलो, मार्च-अप्रैल में 12 और मई महीने में भी 12 किलो आटा ही दिया गया है। अब जून माह में भी 12 किलो आटा दिया जाएगा
इसके लिए निदेशालय शिमला से एलोकेशन कर दी गई है, जबकि चावल अभी भी छह किलो ही दिए जा रहे हैं। खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से सरसों के तेल के टेंडर किए जाने हैं। इसके बाद ही सस्ते राशन की दुकानों में सरसों का तेल पहुंच पाएगा। डिपो में सरसों का तेल पहुंचने तक उपभोक्ताओं को बाजारों से महंगे दामों पर तेल खरीदना पड़ सकता है।
इसके अलावा डिपुओं में एनएफएसए के उपभोक्ताओं को उड़द की दाल 89 रुपये किलो, चना की दाल 61 रुपये किलो और मलका मसूर की दाल 67 रुपये किलो मिलेगी। वहीं एपीएल उपभोक्ताओं को अब उड़द की दाल 94 रुपये, चना 66 रुपये और मसूर 72 रुपये किलो मिलेगी।
कोट्स
सस्ते राशन की दुकानों के एपीएल उपभोक्ताओं को जून महीने में भी 12 किलो आटा और चावल छह किलो ही मिलेगा। नए दामों की दालें भी इस महीने से डिपुओं में उपलब्ध हैं। - पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कांगड़ा