खनियारा के इंद्रुनाग मंदिर में माथा टेकने पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर और एचपीसीए के पदाधिकारी। -
धर्मशाला। भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले एक दिवसीय क्रिकेट मैच से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने धार्मिक स्थलों में हाजिरी लगाई। अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए पदाधिकारियों के साथ खनियारा स्थित इंद्रुनाग के दरबार पहुंचकर माथा टेका। उन्होंने मैच के सफल आयोजन और मुकाबले के दौरान मौसम साफ रखने के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम ने हिमाचल को विश्व में नई पहचान दी है, जिससे पर्यटन और रोजगार बढ़ा है। मैचों पर इंद्रुनाग देवता का विशेष आशीर्वाद रहता है और इस बार भी आयोजन में कोई खलल नहीं पड़ेगा। इस मौके पर एचपीसीए के उपाध्यक्ष विजय भंडारी, सचिव मनुज शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि 13 जून को होने वाले मैच की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इससे पहले, अनुराग ठाकुर ने अपनी पत्नी शेफाली ठाकुर संग प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में शीश नवाया। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां चामुंडा और भोले बाबा का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर मंदिर अधिकारी राकेश कुमार और न्यास सदस्य पवन गोस्वामी ने उन्हें चुनरी और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।