आलमपुर (कांगड़ा)। उपतहसील आलमपुर के तहत आने वाली गंदड़ कस्बा में होली मेले के तीसरे दिन दंगल का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अशोक धीमान ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लेकर विजेता और उपविजेता पहलवानों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में बरड़ाम के अंशुल पहलवान ने गंदड़ के नीरज पहलवान को पटकनी देकर माली अपने नाम की। कमेटी की ओर से विजेता पहलवानों को 2,200 रुपये और उपविजेता को 1,900 रुपये और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यातिथि ने आयोजन के लिए अपनी ओर से 11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान जनम चंद कटोच, सचिव कमलेश शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदेश चंद कटोच, जुगल किशोर मिश्रा, बिहारी लाल शुक्ला, राकेश कटोच, प्रवीण अबरोल और राकेश गोस्वामी राजेश शुक्ला आदि मौजूद रहे। मेले के तीसरे दिन काली माता की झांकी भी निकाली गई। मेले के अंतिम और चौथे दिन शुक्रवार को बड़ी माली का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय विधायक और मंत्री यादवेंद्र गोमा मुख्यातिथि होंगे। संवाद