धर्मशाला। बस अड्डा धर्मशाला से शिमला जा रही एचआरटीसी की बस रविवार को हमीरपुर के समीप बीच सफर में अचानक खराब हो गई। बस का स्टीयरिंग जवाब दे जाने के कारण उसमें सवार 25 से 30 यात्रियों को लगभग 30 से 45 मिनट तक सड़क किनारे बैठकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। बाद में निगम प्रबंधन द्वारा दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
बस में सवार यात्रियों मोनिका, ज्योति, पलक, मानसी और विकास ने बताया कि अचानक चालक और परिचालक ने उन्हें बस के स्टीयरिंग में तकनीकी खराबी आने की जानकारी दी। चालक और परिचालक ने कहा कि इस हालत में आगे का सफर जोखिम भरा हो सकता था। मौके पर पहुंचे मैकेनिक के काफी प्रयासों के बाद भी जब बस ठीक नहीं हो सकी, तब निगम ने दूसरी बस भेजी।
यात्रियों का कहना था कि चलती बस में स्टीयरिंग जैसी गंभीर तकनीकी खराबी आना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। इस घटना ने एचआरटीसी की बसों के रखरखाव पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने मांग उठाई है कि लंबी दूरी के रूटों पर भेजी जाने वाली बसों की नियमित और सख्त फिटनेस जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि रास्ते में लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
धर्मशाला से बस को पूरी तरह जांच कर ही भेजा गया था। हमीरपुर में अचानक स्टीयरिंग में दिक्कत आ गई, जिसके तुरंत बाद यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था कर दी गई। -साहिल कपूर, आरएम, धर्मशाला डिपो