बोहन चौक पर गिरा बरगद पेड़ की बड़ी टहनी। संवाद
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी-देहरा मार्ग पर बोहन चौक के पास बुधवार देर शाम एक विशाल प्राचीन बरगद के पेड़ की टहनी अचानक सड़क पर गिर गई। इस घटना से मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
गनीमत रही कि टहनी गिरने के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, टहनी की चपेट में आने से बिजली के तार टूट गए और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मरम्मत में जुट गई, जबकि पुलिस ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पेड़ काफी पुराना है और इसके नीचे अक्सर लोग बैठते हैं, लेकिन आज समय रहते बड़ी अनहोनी टल गई।