मेडिकल कॉलेज में अब हृदय रोग विशेषज्ञों की संख्या बढ़कर चार हुई, मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा के कार्डियोलॉजी विभाग को एक और हृदय रोग विशेषज्ञ की सेवाएं मिल गई हैं। सहायक प्रोफेसर डॉ. अंबुदर ने फेलोशिप प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद विभाग में दोबारा कार्यभार संभाल लिया है।
उनकी वापसी से कार्डियोलॉजी विभाग की सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है। डॉ. अंबुदर के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही कार्डियोलॉजी विभाग में कार्यरत हृदय रोग विशेषज्ञों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
इससे हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से आने वाले मरीजों को भी बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से मरीजों का प्रतीक्षा समय कम होगा और जटिल हृदय रोगों के उपचार में भी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. नरेश राणा, डॉ. लक्की कुमार, डॉ. सन्नी कुमार और डॉ. अंबुदर अपनी सेवाएं देंगे।
जानकारी के अनुसार विभाग के पांचवें हृदय रोग विशेषज्ञ, जिन्होंने पूर्व में अवकाश लिया था और विभाग की कार्य संस्कृति को लेकर कुछ चिंताएं व्यक्त की थीं, उन्होंने भी संस्थान में वापस लौटकर सेवाएं देने की इच्छा जताई है। यदि उनकी वापसी होती है तो विभाग की चिकित्सा सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी।
उधर, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि कार्डियोलॉजी विभाग में चिकित्सकों की संख्या बढ़ रही है। इससे दिल के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और उपचार व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।