गुलेर (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के तहत भटोली फकोरियां में घरेलू हिंसा की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ उलझने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पर घरेलू हिंसा के तहत भी कार्रवाई की गई है।
फतेहपुर निवासी एक महिला ने हरिपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी बेटी का विवाह भटोली फकोरियां निवासी दीपक के साथ हुआ है। आरोप है कि दीपक उसकी बेटी के साथ मारपीट और घरेलू हिंसा करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर रविवार देर रात मौके पर पहुंची थी।
पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद दीपक, सुरिंद्र उर्फ छिंदा और पवन कुमार उर्फ पन्ना ने पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहसबाजी शुरू कर दी और सरकारी कार्य में रुकावट डाली। पुलिस ने सुरिंद्र और पवन को तुरंत हिरासत में ले लिया, जबकि मुख्य आरोपी दीपक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
सोमवार सुबह पुलिस ने दबिश देकर दीपक को भी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों का शांति भंग करने की धाराओं में भी चालान किया गया है। पुलिस ने पीड़ित महिला और आरोपियों का मेडिकल करवाया है। एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।