गगल (कांगड़ा)। हवाई अड्डा गगल के विस्तारीकरण में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए पंचायत गगल में तहसीलदार दिव्या यादव और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में शपथ पत्र तैयार करने के लिए बुधवार को भी शिविर लगाया गया। भूमि समाहर्ता अधिकारी गगल हवाई अड्डे के लिए अधिग्रहण की गई भूमि के शपथ पत्रों को प्रमाणित कर बैंक में भेज रहे हैं। इन शपथ पत्रों के आधार पर लोगों को मुआवजा मिलना शुरू हो जाएगा। नायब तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि शपथ पत्र बनाकर प्रशासन के पास लोगो ने जमा करवा दिए हैं। प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रंजीत ठाकुर ने बताया कि तीन दिन तक 600 करोड़ रुपये के लगभग 900 शपथ पत्र जमा हो गए हैं। शिविर में शपथ पत्र बनवाने से पहले लोगों को उनकी जमीन, भवनों और पेड़ों आदि के प्रारूप को बताया गया। यह सारी जानकारी लोगों को मिलने बाद वे संतुष्ट हो रहे हैं, उसी के बाद अपने-अपने शपथ पत्र बनवा रहे हैं। एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने बताया कि गगल के जिन लोगों के शपथ पत्र प्रशासन के पास जमा हो गए हैं, उनको मुआवजा राशि देना शुरू हो गई है। बुधवार को गगल में 106 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि खातों में डाल दी गई है। संवाद