पालमपुर (कांगड़ा)। सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर की एक टीम ने अरोमा मिशन चरण-3 के तहत त्रिपुरा का दौरा कर वहां सुगंधित फसलों के विस्तार की संभावनाओं को तलाशा। इस दौरान संस्थान ने त्रिपुरा विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत राज्य में सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। संस्थान के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव ने बताया कि त्रिपुरा की आर्द्र जलवायु और उपजाऊ मिट्टी सुगंधित फसलों के लिए बेहद अनुकूल है। टीम ने त्रिपुरा विश्वविद्यालय और एनबी इंस्टीट्यूट फॉर रूरल टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों व अधिकारियों के साथ बैठक की और किसानों को आईएचबीटी द्वारा विकसित आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में 60 से अधिक किसानों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों ने भाग लिया। संवाद