कृषि विवि पालमपुर में छाता लेकर बारिश के बीच रोष जताते शिक्षक। -स्रोत : संगठन
पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में अब तक वेतन न मिलने से गुस्साए शिक्षकों ने विवि के शिक्षक संगठनों होपुटा एवं वास्ता के बैनर तले जोरदार रोष प्रदर्शन किया। पालमपुर स्थित मुख्य परिसर सहित विभिन्न शोध एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के शिक्षकों ने शुक्रवार को बारिश के बीच भी अपनी आवाज बुलंद की और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ. जनार्दन सिंह, डॉ. परवीन कुमार शर्मा, डॉ. देवेश ठाकुर, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. वरुण संख्यान, डॉ. अंकुर, डॉ. रविंद्र सिंह तथा डॉ. क्रोफा सहित अन्य वक्ताओं ने वेतन भुगतान में हो रही लगातार देरी पर गहरा रोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि समय पर वेतन पाना हर कर्मचारी का मूल अधिकार है, लेकिन विवि प्रशासन की कार्यप्रणाली के कारण शिक्षकों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट किया कि जब तक लंबित वेतन का पूरा भुगतान नहीं कर दिया जाता, तब तक उनका विरोध-प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की ताकि भविष्य में शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को बार-बार सड़कों पर न उतरना पड़े।