बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत पंजाला पंचायत में कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि पहुंचे राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने 100 किसानों को ग्रास कटर व अन्य उन्नत कृषि उपकरण वितरित किए। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ रही है। स्थानीय जरूरतों को देखते हुए उन्होंने पंजाला में रास्ते, पुलिया और खेल मैदान के निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये देने का एलान किया। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, बीडीसी सदस्य राजकुमार, प्रधान सुदर्शना देवी, उपप्रधान अमित कश्यप, रविंद्र बिट्टू, मोहिंद्र डोहरी और अजय अवस्थी सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद