डंगे को सुरक्षित करने में जुटा प्रशासन, पौंग से छोड़े पानी पर निगरानी
वर्ष 2023 में डंगा टूटने से हुआ था बड़ा नुकसान, इस बार प्रशासन सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर (कांगड़ा)। पौंग बांध से छोड़े जाने वाले पानी को लेकर राहत की खबर है। बारिश रुकने के बाद प्रशासन और बीबीएमबी के बीच बेहतर समन्वय से वीरवार दोपहर तीन बजे के बाद सिर्फ पांच हजार क्यूसिक अतिरिक्त पानी ही छोड़ा गया है। वहीं, वीरवार शाम तक बांध से छोड़ा गया पानी लगभग एक लाख क्यूसिक के आंकड़े तक पहुंच गया। जिला, स्थानीय प्रशासन और बीबीएमबी प्रशासन ने तय किया है कि एक लाख पांच हजार से ज्यादा पानी नहीं छोड़ा जाएगा, लेकिन स्थिति पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहेगी।
लगातार बारिश से दो दिन में पौंग बांध का जलस्तर 10 फीट बढ़ा था और वीरवार को बांध का जलस्तर 1393.05 फीट रिकॉर्ड किया गया। बांध में 52086 क्यूसिक पानी आ रहा है और 99,845 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। फतेहपुर प्रशासन ने एहतियातन रियाली के पास ब्यास नदी के किनारे लगाए गए डंगे (धुस्सी) को सुरक्षित करने का कार्य शुरू कर दिया है, जो वीरवार को भी जारी रहा।
एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती का कहना है कि रियाली के समीप लगाए गए डंगे को सुरक्षित करने का कार्य लगातार जारी है। लोगों से अपील है कि सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। वर्ष 2023 में ब्यास के किनारे लगाए गए डंगे (धुस्सी) के टूटने से ब्यास का पानी रिहायशी क्षेत्रों में घुस गया था। इस बार प्रशासन सतर्क है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा जा रहा है।
बीबीएमबी प्रशासन का मानना है कि अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बांध के जलस्तर को 1388 फीट से नीचे लाने की कोशिश की जा रही है जिससे लगातार बारिश होने पर भी जलस्तर 1400 फीट तक न पहुंचे। शाम तक पौंग बांध से छोड़े गए पानी को 94,845 क्यूसिक से बढ़ाकर 99,845 क्यूसिक तक किया गया है। हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन प्रशासन सतर्क है और लोगों से खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की अपील की गई है।