धर्मशाला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अभी तक कांगड़ा जिला प्रवास पर आने का टूअर प्रोग्राम मुख्यमंत्री कार्यालय से फाइनल नहीं हुआ है। चर्चा है कि वह इस सप्ताह कांगड़ा प्रवास पर आएंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री कांगड़ा वासियों को अचानक टूअर प्रोग्राम बनाकर आश्चर्यचकित भी कर सकते हैं। करीब डेढ़ सप्ताह तक शिमला के बजाय कांगड़ा से सरकार चलेगी। ऐसे में जिला प्रशासन कांगड़ा बिना टूअर प्रोग्राम ही मुख्यमंत्री के कांगड़ा प्रवास की तैयारियों में जुट गया है।
दिसंबर में तपोवन में शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने नववर्ष पर कांगड़ा प्रवास पर आने के संकेत दिए थे। तब से कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के स्वागत में जुटे हुए हैं। जिला प्रशासन ने भी अपने स्तर पर मुख्यमंत्री के कांगड़ा प्रवास की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
माना जा रहा था कि वह 15 जनवरी से कांगड़ा के प्रवास पर आएंगे, लेकिन मंगलवार शाम तक मुख्यमंत्री कार्यालय से उनका टूअर प्रोग्राम जारी नहीं हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह अब 17 जनवरी के बाद कांगड़ा प्रवास पर आ सकते हैं। चूंकि 25 जनवरी को राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस इस बार उपमंडल बैजनाथ में है। अगर मुख्यमंत्री पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह तक कांगड़ा में रुकते हैं तो उन्हें यहां करीब आठ से नौ दिन बिताने होंगे। इसमें तीन दिन तक धर्मशाला, नगरोटा बगवां और शाहपुर, तीन दिन तक नूरपुर, जवाली और फतेहपुर और शेष तीन दिन सुलह, पालमपुर और बैजनाथ के लिए प्रवास के माने जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग, जलशक्ति विभाग, पर्यटन विकास विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, स्मार्ट सिटी, पंचायती राज विभाग और बिजली बोर्ड से शिलान्यास और लोकार्पण किए जाने वाले विकास कार्यों की सूची मांगी है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के स्वागत में एक बड़ी जनसभा भी प्रस्तावित है, जिसके लिए जोरावर स्टेडियम या दाड़ी मेला ग्राउंड दोनों में से एक स्थल का चयन किया जा रहा है।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कहा कि अभी तक मुख्यमंत्री का प्रवास कार्यक्रम नहीं मिला है। लेकिन, माना जा रहा है कि इस सप्ताह से मुख्यमंत्री कांगड़ा का प्रवास करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से सारी तैयारियां पूर्ण हैं।