परागपुर(कांगड़ा)। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम सिंह ठाकुर ने कांग्रेस नेता की ओर से महिला पुलिस अधिकारी के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस गंभीर मुद्दे पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी और कार्यकर्ता पूरे मामले पर पैनी नजर रखेंगे। ठाकुर ने बताया कि हाल ही में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता ने महिला पुलिस अधिकारी के साथ अनुचित व्यवहार किया। इस घटना से आहत होकर अधिकारी रो पड़ीं, लेकिन तत्कालीन पुलिस अधिकारियों से सहयोग नहीं मिला जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी का आभार व्यक्त किया। ठाकुर ने कहा कि तिवारी ने धर्मशाला में साफ कर दिया है कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होगी और गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि डीजीपी की यह घोषणा स्वागतयोग्य है। पूर्व मंत्री ने दोहराया कि भाजपा कार्यकर्ता मामले की हर स्थिति पर निगरानी करेंगे जिससे राजनीतिक दबाव डालकर दोषियों को बचाया न जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा महिला सुरक्षा और अधिकारियों की गरिमा की पक्षधर रही है और यही प्रतिबद्धता इस बार भी निभाई जाएगी। ठाकुर ने कहा कि हमारे अधिकारी शासन व्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि उन्हें अपमानित किया जाएगा तो जनता का विश्वास उठ जाएगा। भाजपा ऐसा कभी होने नहीं देगी।