सैंज (कुल्लू)। घाटी की लारजी-सैंज सड़क के किनारे पागलनाला में किए पौधरोपण पर मलबा फेंक दिया है। इसको लेकर लोगों में रोष है और सैंज घाटी के ग्रामीणों ने पौधरोपण वाले क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग पर मनमाने तरीके से सड़क का मलबा डंप करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार इस मामले को विभाग के अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है। इसके बावजूद भी डंपिंग का सिलसिला नहीं रुका। उन्होंने कहा कि विभाग नियमों को ताक पर रखकर पर्यावरण के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
उधर, निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता मेघ सिंह ने कहा कि पागलनाला में डंप हो रहा मलबा विभाग द्वारा नहीं फेंका गया है। इस स्थान पर बारिश के दिनों में नाला उफान पर रहता है। इसी वजह से मलबा इस स्थान पर फैल रहा है। साथ ही पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से पौधरोपण वाले क्षेत्र में भूमि कटाव हो रहा है। संवाद