पनापर में अवैध खनन के रास्तों में बंद करती जेसीबी। -विभाग
पनापर में वन विभाग ने की कार्रवाई, पंचायत प्रतिनिधियों का मिला सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुलह (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र सुलह के पनापर में शनिवार को वन विभाग ने अवैध खनन के लिए न्यूगल खड्ड तक जाने वाले रास्तों को जेसीबी की मदद से बंद किया। इस अभियान में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी विभाग का पूरा सहयोग किया।
वन विभाग के अनुसार अवैध खनन के लिए वन भूमि पर बनाए गए रास्तों का लंबे समय से इस्तेमाल किया जा रहा था। विभाग ने पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इन मार्गों को बंद कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की कार्रवाई की।
वन मंडल पालमपुर के रेंज ऑफिसर आदित्य सिंह ने बताया कि न्यूगल खड्ड में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। खनन माफिया ने वन भूमि पर अवैध रास्ते बना लिए थे, जिन्हें शनिवार को जेसीबी की सहायता से बंद कर दिया गया।
स्थानीय पंचायत प्रधान गुरजीत सिंह राणा ने कहा कि पंचायत ने वन विभाग की कार्रवाई में पूरा सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि अवैध खनन रोकने के लिए किसी प्रकार की कार्रवाई की आवश्यकता पड़ी तो पंचायत प्रशासन के साथ मिलकर हरसंभव सहयोग करेगी।