धर्मशाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) हिमाचल प्रदेश की प्रांत मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में हिंदू पर्यटकों की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया है। यह भारत की सुरक्षा और सांस्कृतिक चेतना पर सीधा हमला है।
नैंसी ने कहा कि इस वीभत्स हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर का एबीवीपी समर्थन करती है और सरकार व सेना के साहस को सलाम करती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में देशवासियों को सेना का मानसिक, सामाजिक या भौतिक रूप से हर स्तर पर सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि जो सेना में भर्ती नहीं हो सकते, वे एबीवीपी के साथ जुड़कर राष्ट्रसेवा में योगदान दे सकते हैं। एबीवीपी युद्ध की परिस्थितियों में देश की सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। देश के प्रत्येक कोने में एबीवीपी के कार्यकर्ता वॉलंटियर्स के रूप में काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद द्वारा भारतीय सेना के नाम पर अनेकों रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विद्यार्थी परिषद रक्तदाताओं की सूची बनाने में जुटी है।