धर्मशाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदेश में नशे के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री अभिनव चौधरी ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल के युवा नशे के मकड़जाल में फंस कर बर्बादी की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी प्रदेश में नशे के खिलाफ जन जागरण अभियान चलाएगी, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
इस अभियान में अभिनिवृति के तहत 28 फरवरी से 5 मार्च तक इकाई स्तर पर एसडीएम, डीसी, एसपी, जन प्रतिपिधियों, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजेंगे। 5 से 10 मार्च तक पर्चा वितरण किया जाएगा। 7 मार्च को जन जागरण रैलियां आयोजित की जाएंगी। 3 से 6 मार्च तक सेमिनार व संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी, जबकि 10 से 20 मार्च तक जिला स्तर पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई जाएगी।