उपायुक्त कार्यालय के बाहर एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
-बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला कांगड़ा ने धर्मशाला स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। खासकर महिलाओं, छात्राओं और छोटी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। बेटियां असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
जिला संयोजक अंकित गौड़ ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध सरकार की विफलता को उजागर करते हैं। उन्होंने सरकार से केवल बयानबाजी नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की। प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि देवभूमि शर्मसार हो रही है। जब बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो प्रदेश की सुरक्षा के सभी दावे खोखले साबित होते हैं। परिषद ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती तब तक संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।