पालमपुर (कांगड़ा)। कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई ने विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा। इकाई अध्यक्ष शैफाली ठाकुर ने कुलपति के समक्ष विभिन्न समस्याओं को समाधान के साथ विस्तार से रखा और उन पर जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अंतिम वर्ष के छात्र जब इंटर्नशिप के लिए विश्वविद्यालय से बाहर रहते हैं तो वे लाइब्रेरी, खेल सुविधाओं, परिवहन, एनसीसी और एनएसएस जैसी सेवाओं का उपयोग नहीं कर पाते। इसके बावजूद उनसे इन सुविधाओं के लिए पूरी फीस ली जाती है, जो अन्यायपूर्ण है। विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पर तत्काल विचार कर इन शुल्कों को कम करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। विश्वविद्यालय में वर्तमान में स्नातक छात्रों, विशेष रूप से लड़कों को केवल एनसीसी में लेने के लिए बाध्य किया जाता है, जबकि आईसीएआर और अन्य कृषि विश्वविद्यालयों में एनसीसी और एनएसएस को वैकल्पिक रूप में चुना जा सकता है, जबकि छात्राओं को भी यह स्वतंत्रता दी जानी चाहिए कि वे अपनी रुचि के अनुसार एनसीसी या एनएसएस में से किसी एक का चयन कर सकें।
शैफाली ठाकुर ने कहा कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर में न तो सार्वजनिक पेयजल की कोई व्यवस्था है और न ही सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध हैं, जिससे यहां आने वाले आगंतुकों को भारी असुविधा होती है। छात्रावासों की संख्या सीमित होने के कारण विशेष रूप से छात्राओं को आवास की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि छात्रों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में शैक्षणिक भ्रमण और एक्सचेंज प्रोग्राम का अवसर दिया जाए, जिससे वे व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि छात्रों की इन समस्याओं को अनदेखा किया तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर सचिव अंकित कौंडल और उपाध्यक्ष अनमोल सहित विभिन्न महाविद्यालयों से सभी इकाइयों के सदस्य मौजूद रहे।