देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा में बुजुर्ग व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को बुजुर्ग व्यक्ति के पक्ष में आए विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने आरोपी महिला के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। वहीं, मंगलवार को आरोपी महिला, महिला के पति और भाई ने मीडिया के सामने पेश होकर बुजुर्ग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति उससे शादी करने का इच्छुक था और वह इसके लिए मेरी मां से कहता था। मेरी मां ने यह कहकर मना कर दिया था कि आप बुजुर्ग हैं और मेरी बेटी जवान है। महिला के मुताबिक इस बात को लेकर बुजुर्ग ने अपने मन में खुन्नस की भावना रखकर कहा था कि वह मेरा घर कभी नहीं बसने देगा। महिला ने कहा कि 2011 में उनकी माता ने उसे घर बनाने के लिए एक कनाल भूमि दी। इसको उस बुजुर्ग ने झूठे तथ्य पेशकर वापस करा दिया। महिला के अनुसार जब उसे इस बात का पता चला तो मंडल आयुक्त के पास अपील करने पर यह भूमि मुझे वापस मिली। उन्होंने कहा कि भूमि दोबारा मेरे नाम पर होने के बावजूद बुजुर्ग इस मामले से पीछे नहीं हटा और उसने भूमि का इंतकाल रोकने की कोशिश की। महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि बुजुर्ग वर्ष 2012 से मुझे और मेरे परिवार को बिना किसी वजह से तंग कर रहा है। महिला ने माना कि उसने जो किया है वह सही नहीं है, लेकिन वह इतनी परेशान हो चुकी थी जिसके कारण गुस्से में आकर मैंने आपा खो दिया। बुजुर्ग व्यक्ति का कहना है कि वह अब जो भी कहेंगे कोर्ट या पुलिस के समक्ष ही बयान देंगे। इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहेंगे।