कांगड़ा। टांडा मेडिकल कॉलेज (टीएमसी) में अब ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों के लिए आभा (आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता) पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। यह जानकारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मिलाप शर्मा ने मंगलवार को प्रेस बयान में दी।
उन्होंने बताया कि आभा आईडी से प्रत्येक व्यक्ति का इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे भविष्य में इलाज के दौरान मेडिकल हिस्ट्री तक पहुंचना आसान होगा और बेहतर, तेज व अधिक सटीक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी।
डॉ. शर्मा ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस डिजिटल स्वास्थ्य पहल के सफल क्रियान्वयन में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि ओपीडी सुविधा केंद्र पर पंजीकरण के समय व्यक्ति के पास अपनी आभा आईडी तैयार होना अनिवार्य है। वहीं, जिन लोगों ने अब तक पंजीकरण नहीं करवाया है वे आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं पंजीकरण करें या अस्पताल में उपलब्ध आभा पंजीकरण काउंटर पर जाकर अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि सेवाएं लेने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।